
who is Priya Saroj
भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिहं ने सपा सांसद प्रिया सरोज संग आज लखनऊ के एक फाइव स्टार होटल में सगाई कर ली। इस रिंग सेरेमनी कार्यक्रम के दौरान उनके करीबी रिश्तेदार मौजूद रहें। इसके अलावा राजनीति और क्रिकेट जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं। सगाई से पहले रिंकू सिंह मंदिर में दर्शन करने भी पहुंचे थे, जिसकी तस्वीरें उनकी छोटी बहन नेहा सिंह ने सोशल मीडिया पर शेयर की।
स्टेज पर दोनों की जोड़ी खूबसूरत लग रही। जैसे ही रिंकू सिंह ने प्रिया सरोज को अंगूठी पहनाई, वह भावुक हो गईं। इसका वीडियो सामने आया है, जिसमें सांसद प्रिया सरोज भावुक होती हुई नजर आ रही हैं। इस बीच वह अपने आंसू पोछने लगती हैं।
यहां देखें वीडियो
Congrats Sir Rinku and Priya Saroj on engagement
https://t.co/VXpGDWp0IA
— KKR_forever (@Distracted04Kkr) June 8, 2025
कौन है प्रिया सरोज ?
बता दें कि प्रिया सरोज का जन्म 23 नवंबर 1998 को वाराणसी, उत्तर प्रदेश में हुआ। वर्तमान में वह समाजवादी पार्टी से सांसद हैं वह 25 वर्ष की आयु में 2024 के लोकसभा चुनाव में मछलीशहर लोकसभा सीट से चुनाव जीती थी, जिससे वह भारत की सबसे युवा सांसदों में से एक बन गई हैं। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार बी.पी. सरोज को 35,850 मतों से हराया।
सरोज एक राजनीतिक परिवार से आती हैं। उनके पिता, तूफानी सरोज, तीन बार के सांसद और उत्तर प्रदेश के केराकत से वर्तमान विधायक हैं। सरोज ने नई दिल्ली में एयर फोर्स गोल्डन जुबली इंस्टीट्यूट से अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन (बीए) और एमिटी विश्वविद्यालय से विधि स्नातक (एलएलबी) की उपाधि प्राप्त की।
कॉलेज के दिनों से ही राजनीति में सक्रिय सरोज ने शुरू में न्यायिक करियर बनाने का लक्ष्य रखा था, लेकिन हाशिए पर पड़े समुदायों के खिलाफ भेदभाव जैसे मुद्दों को संबोधित करने के लिए राजनीति में प्रवेश किया। वह सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण पर संसदीय समिति की सदस्य हैं और उन्होंने युवाओं, महिलाओं और शिक्षा की वकालत की है। उनके 2024 के चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनकी कुल संपत्ति ₹11.25 लाख है।