

आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस का सफर बेहद निराशाजनक रहा। टीम अंक तालिका में नौवें स्थान पर रही और एक बार फिर प्लेऑफ की दौड़ से काफी पहले बाहर हो गई। यह पिछले तीन सीजनों में दूसरी बार है जब हार्दिक पांड्या की कप्तानी में मुंबई इंडियंस निचले दो स्थानों में रही। ऐसे में अब टीम की कप्तानी और रणनीति, दोनों पर सवाल उठने लगे हैं।
इस बीच, मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी कोच कीरोन पोलार्ड ने भी स्वीकार किया कि कप्तान हार्दिक पांड्या और टीम मैनेजमेंट की उम्मीदों के मुताबिक यह सीजन नहीं गया। हालांकि, उन्होंने सीधे तौर पर हार्दिक को जिम्मेदार नहीं ठहराया, लेकिन उनके बयान ने यह जरूर साफ कर दिया कि फ्रेंचाइजी के अंदर गंभीर चर्चा होने वाली है।
सीजन खत्म होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पोलार्ड ने कहा कि टीम ने हर संभव कोशिश की, ताकि मुंबई इंडियंस बेहतर प्रदर्शन कर सके। उन्होंने माना कि हार्दिक ने कप्तान के रूप में पूरी मेहनत की, लेकिन मैदान पर उसका असर दिखाई नहीं दिया।
पोलार्ड ने कहा कि हार्दिक के लिए व्यक्तिगत रूप से भी यह सीजन आसान नहीं रहा। टीम मैनेजमेंट ने भी उन्हें पूरा समर्थन दिया, लेकिन नतीजे उम्मीद के अनुसार नहीं आए। उन्होंने यह भी कहा कि हार और जीत दोनों सामूहिक जिम्मेदारी होती हैं और सिर्फ एक खिलाड़ी पर उंगली उठाना सही नहीं होगा।
टीम के भविष्य को लेकर होगी बड़ी चर्चा
हालांकि, पोलार्ड के बयान का सबसे अहम हिस्सा वह था, जहां उन्होंने कहा कि अब टीम के अंदर बैठकर कई चीजों पर सवाल किए जाएंगे। उनके मुताबिक मुंबई इंडियंस आने वाले समय में अपने भविष्य और टीम संरचना को लेकर विचार करेगी।
आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले मुंबई इंडियंस को सबसे मजबूत टीमों में गिना जा रहा था। भारतीय खिलाड़ियों का कोर मजबूत था और टीम संतुलित दिखाई दे रही थी, लेकिन पूरे टूर्नामेंट में निरंतरता की कमी साफ नजर आई। कई मुकाबलों में रणनीतिक गलतियां और खराब फैसले टीम पर भारी पड़े।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मुंबई इंडियंस अगले सीजन में भी हार्दिक पांड्या पर भरोसा बनाए रखेगी या फिर टीम नेतृत्व में बदलाव देखने को मिलेगा? फिलहाल फ्रेंचाइजी के सामने जवाब कम और सवाल ज्यादा नजर आ रहे हैं।
IPL 2026: कोहली और गिल की जंग तय करेगी क्वालीफायर मैच का नतीजा: साइमन डूल
25 मई, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
IPL 226: रियान पराग के बयान पर भड़के मनोज तिवारी, बोले- ऐसी बातें मत करो जो किसी को समझ न आए
SM Trends: 25 मई के शानदार Tweet और Video के बारे में यहां जाने, जो काफी तेजी से हो रहे हैं वायरल

