

ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट और वनडे कप्तान पैट कमिंस ने संकेत दिए हैं कि वह IPL 2027 को स्किप कर सकते हैं। IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद का नेतृत्व करने वाले कमिंस का मानना है कि अगले साल उनका कार्यक्रम बेहद व्यस्त रहने वाला है, इसलिए उन्हें अपने वर्कलोड को संतुलित करने के लिए कुछ बड़े फैसले लेने पड़ सकते हैं।
IPL 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद को लीग चरण में तीसरे स्थान तक पहुंचाने वाले कमिंस ने साफ किया कि उनके लिए टेस्ट क्रिकेट और वनडे वर्ल्ड कप सबसे बड़ी प्राथमिकता है।
साल 2027 ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। टीम को भारत दौरे पर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। इसके अलावा इंग्लैंड के खिलाफ ऐतिहासिक 150वीं वर्षगांठ टेस्ट मैच भी खेला जाएगा।
इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम इंग्लैंड में प्रतिष्ठित एशेज सीरीज खेलेगी। साल के अंत में दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे की मेजबानी में होने वाले वनडे विश्व कप में भी हिस्सा लेना होगा। ऐसे में कमिंस अपने शरीर पर अतिरिक्त दबाव नहीं डालना चाहते।
कमिंस ने कहा कि उनके लिए हमेशा टेस्ट क्रिकेट और वनडे विश्व कप सबसे महत्वपूर्ण रहेंगे। उन्होंने माना कि अगर वह भारत के खिलाफ पूरी टेस्ट सीरीज खेलते हैं, तो एशेज से पहले उन्हें आराम की जरूरत पड़ सकती है।
ऑस्ट्रेलियाई कप्तान का मानना है कि लगातार क्रिकेट खेलने से खिलाड़ियों की फिटनेस पर असर पड़ सकता है। इसी वजह से वह IPL 2027 को लेकर जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेना चाहते।
सनराइजर्स हैदराबाद के साथ करेंगे चर्चा
कमिंस ने यह भी बताया कि IPL 2027 में खेलने या न खेलने का अंतिम फैसला वह टूर्नामेंट के करीब आने पर लेंगे। इसके लिए वह सनराइजर्स हैदराबाद मैनेजमेंट के साथ बातचीत करेंगे और स्थिति के अनुसार निर्णय लेंगे। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में उन्हें कुछ चोटों का भी सामना करना पड़ा है, इसलिए फिलहाल किसी योजना को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध होना सही नहीं होगा।
कमिंस ने यह भी संकेत दिए कि ऑस्ट्रेलिया अपने तेज गेंदबाजों मिशेल स्टार्क और जोश हेजलवुड को न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में कुछ मैचों के लिए आराम दे सकता है। इसका मकसद भारत दौरे और एशेज जैसी अहम टेस्ट सीरीज के लिए उन्हें पूरी तरह फिट और तरोताजा रखना होगा।
3 जून, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
धोनी से लेकर सुनील नरेन तक: 5 खिलाड़ी जो IPL 2026 के बाद ले सकते हैं संन्यास?
5 खिलाड़ी जो शायद न खेलें अगला IPL सीजन, ऑस्ट्रेलियाई कप्तान का नाम भी शामिल!
IPL 2026 ने बदल दी मुकुल चौधरी की जिंदगी, बोले ‘अब परिवार के सारे कर्ज उतर जाएंगे’

