

पंजाब किंग्स के ऑलराउंडर शशांक सिंह और उनके पिता शैलेश सिंह के खिलाफ भोपाल के रातीबड़ थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। इस मामले में उनके ड्राइवर मिश्रा का नाम भी शामिल है। तीनों पर घरेलू रसोइए के साथ मारपीट, गाली-गलौज और गलत तरीके से बंधक बनाकर रखने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रसोइए ने लगाए गंभीर आरोप
शिकायत करने वाले 31 वर्षीय विपेंद्र सिंह तोमर मध्य प्रदेश के रीवा के रहने वाले हैं। वह 25 जून से शशांक सिंह के परिवार के भोपाल स्थित नीलबड़ इलाके के बंगले में रसोइए के तौर पर काम कर रहे थे। शिकायत के अनुसार उन्हें हर महीने 15 हजार रुपये वेतन, रहने-खाने की सुविधा और भविष्य में सरकारी नौकरी दिलाने में मदद का भरोसा दिया गया था।
हालांकि, तोमर का आरोप है कि काम शुरू करने के कुछ ही दिनों बाद माहौल खराब हो गया। खाना बनाने की गुणवत्ता को लेकर अक्सर उनसे बहस की जाती थी और उनके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया जाता था। इसी वजह से उन्होंने नौकरी छोड़कर घर लौटने की इच्छा जताई।
मोबाइल छीनने और मारपीट का आरोप
तोमर का कहना है कि जब उन्होंने नौकरी छोड़ने की बात कही तो उनका मोबाइल फोन छीन लिया गया, जिससे वह किसी से संपर्क नहीं कर सके। डर के कारण उन्होंने खुद को एक कमरे में बंद कर लिया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि बाद में शशांक सिंह, उनके पिता और ड्राइवर ने कमरे का दरवाजा जबरन खोला और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद उन्हें बंगले से बाहर निकाल दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने विपेंद्र सिंह तोमर का मेडिकल परीक्षण कराया, जिसमें उनके चेहरे और शरीर पर चोट के निशान पाए गए। इसके आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
इनमें गाली-गलौज, जानबूझकर चोट पहुंचाने और सामूहिक जिम्मेदारी से जुड़ी धाराएं शामिल हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभी पक्षों से पूछताछ की जाएगी।
शरीफुल इस्लाम ने 143 साल बाद रचा इतिहास, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बनाया अनोखा रिकॉर्ड
SL vs IND 2nd Test, Day 3: बारिश के चलते जल्दी समाप्त हुआ दिन का खेल, श्रीलंका अभी भी 238 रन से पीछे
ICC कोड ऑफ कंडक्ट उल्लंघन के लिए प्रभात जयसूर्या पर गिरी गाज, मिली आधिकारिक फटकार और डिमेरिट अंक
25 अगस्त, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से

