

भारत के पूर्व कप्तान कपिल देव का मानना है कि अगर भारतीय टीम प्रबंधन को लगता है कि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए पूरी तरह तैयार हैं, तो उन्हें सिर्फ कम उम्र की वजह से इंतजार नहीं कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ी की उम्र नहीं, बल्कि उसकी क्षमता सबसे ज्यादा मायने रखती है।
हालांकि, कपिल ने यह भी कहा कि टी20 में शानदार प्रदर्शन करना एक बात है, लेकिन टेस्ट क्रिकेट में लंबी पारी खेलना और कठिन परिस्थितियों का सामना करना बिल्कुल अलग चुनौती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या वैभव टेस्ट में लगातार पांच मेडन ओवर खेलकर टिक सकते हैं।
सचिन और विराट जैसी प्रतिभा, लेकिन धैर्य जरूरी
कपिल देव ने वैभव की प्रतिभा की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में इस तरह का प्रभाव छोड़ने वाले खिलाड़ी बहुत कम देखने को मिलते हैं। उन्होंने वैभव की तुलना सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली जैसी महान प्रतिभाओं से की, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि फिलहाल उन पर जरूरत से ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहिए।
उनके अनुसार, टी20 में वैभव ने अपनी क्षमता जरूर दिखाई है, लेकिन वनडे और टेस्ट जैसे बड़े प्रारूपों में उन्हें अभी खुद को साबित करना बाकी है। कपिल देव ने कहा कि किसी भी युवा खिलाड़ी का करियर हमेशा एक जैसा नहीं चलता।
उन्होंने वैभव को लेकर कहा कि भविष्य में ऐसा समय भी आएगा जब उनके बल्ले से रन नहीं निकलेंगे। यही दौर किसी खिलाड़ी के असली चरित्र और मानसिक मजबूती की परीक्षा लेता है।
उन्होंने याद दिलाया कि सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर और विवियन रिचर्ड्स जैसे महान बल्लेबाज भी अपने करियर में खराब दौर से गुजरे हैं। इसलिए यह देखना दिलचस्प होगा कि वैभव मुश्किल समय से कैसे बाहर निकलते हैं।
दूसरी ओर, वैभव सूर्यवंशी आयरलैंड दौरे से भारतीय टी20 टीम का हिस्सा हैं, लेकिन उन्हें अभी तक अंतरराष्ट्रीय डेब्यू का मौका नहीं मिला है। अब इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले जाने वाले दूसरे टी20 मुकाबले में उनकी संभावित एंट्री को लेकर चर्चा तेज है। क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें इस बात पर रहेंगी कि टीम प्रबंधन इस युवा प्रतिभा को आखिरकार डेब्यू का मौका देता है या नहीं।
क्या इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में खेलेंगे वैभव सूर्यवंशी? गेंदबाजी कोच माॅर्ने माॅर्कल ने दिया बड़ा अपडेट
4 जुलाई, Morning News Headlines: आज सुबह तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
ENG vs IND: कितने बजे शुरू होगा इंग्लैंड बनाम भारत दूसरा टी20आई? जानें भारत में फ्री में कैसे देखें लाइव
क्या इतिहास बन जाएगा वनडे क्रिकेट? पूर्व दिग्गज रविचंद्रन अश्विन ने फाॅर्मेट को लेकर रखा अपना पक्ष, टी20 पर भी दिया बयान

