

आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-1 मुकाबले से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। टीम के कप्तान रजत पाटीदार ने विस्फोटक बल्लेबाज फिल सॉल्ट की चोट को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ धर्मशाला में होने वाले अहम मुकाबले से पहले सॉल्ट की फिटनेस पर लगातार चर्चा हो रही थी, लेकिन अब कप्तान ने साफ किया है कि खिलाड़ी पहले से बेहतर स्थिति में हैं और डॉक्टरों की निगरानी में हैं।
डॉक्टरों की निगरानी में हैं फिल सॉल्ट
रजत पाटीदार ने मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि फिल सॉल्ट अब फिट हैं और अभ्यास सत्र में भी हिस्सा ले रहे हैं। हालांकि, टीम प्रबंधन अभी अंतिम प्लेइंग इलेवन तय नहीं कर पाया है। पाटीदार ने कहा कि पिच की स्थिति देखने के बाद अंतिम फैसला लिया जाएगा।
बता दें कि सॉल्ट को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबले में फील्डिंग के दौरान उंगली में चोट लगी थी। इसके बाद वह लगातार टीम से बाहर रहे। उनकी गैर-मौजूदगी में आरसीबी ने कई अलग-अलग ओपनिंग संयोजन आजमाए।
जैकब बेथेल भी हुए बाहर
सॉल्ट की जगह युवा बल्लेबाज जैकब बेथेल को मौका मिला था, लेकिन वह भी चोट के कारण इंग्लैंड लौट चुके हैं। इसके बाद आरसीबी ने पिछले मैच में वेंकटेश अय्यर को ओपनिंग की जिम्मेदारी दी। उन्होंने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ केवल 19 गेंदों में 44 रन बनाकर शानदार शुरुआत दिलाई थी।
अगर फिल सॉल्ट गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हो जाते हैं, तो वह दोबारा ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं। ऐसे में वेंकटेश अय्यर को मध्यक्रम में भेजा जा सकता है। वेंकटेश इससे पहले पंजाब किंग्स के खिलाफ नंबर चार पर बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 73 रन बना चुके हैं।
फिल सॉल्ट पिछले सीजन से आरसीबी के लिए बेहद अहम खिलाड़ी साबित हुए हैं। टीम को 2025 में पहला आईपीएल खिताब जिताने में उनका बड़ा योगदान रहा था। मौजूदा सीजन में उन्होंने छह मैचों में 202 रन बनाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 168 से ज्यादा का रहा है।
उन्होंने मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अर्धशतक भी लगाए थे। अब आरसीबी की नजर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी जीतने पर है। अगर ऐसा होता है, तो टीम चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बाद लगातार दो खिताब जीतने वाली तीसरी फ्रेंचाइजी बन जाएगी।
‘लोग पाकिस्तान क्रिकेट में दिलचस्पी खो देंगे’ पूर्व कप्तान ने लगाई PCB और सेलेक्शन पैनल की क्लास
WTC 2025-27: श्रीलंका बनाम भारत के बीच दूसरा टेस्ट मैच ड्राॅ होने के बाद कुछ ऐसा है Points Table का हाल
27 अगस्त, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
SL vs IND 2nd Test, Day 5: सोनल दिनुशा के आगे भारतीय टीम ने टेके घुटने, टेस्ट मैच हुआ ड्रा; सीरीज 1-0 से भारत के नाम

