

टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर चर्चाएं तेज हो चुकी हैं और पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा ने इस बड़े टूर्नामेंट के लिए कुछ खास खिलाड़ियों के नाम सामने रखे हैं। चोपड़ा का मानना है कि गेंदबाज इस बार भी टूर्नामेंट का रुख तय करेंगे। उन्होंने भारत के दो और ऑस्ट्रेलिया के एक गेंदबाज को सबसे ज्यादा प्रभाव डालने वाला खिलाड़ी बताया है।
ईएसपीएन क्रिकइंफो के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान आकाश चोपड़ा ने कहा कि भारतीय मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती उनकी पहली पसंद हैं। अक्टूबर 2024 में तीन साल बाद भारतीय टीम में वापसी करने के बाद वरुण शानदार फॉर्म में हैं।
अब तक उन्होंने 36 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 59 विकेट लिए हैं। उनका औसत 15.69 और स्ट्राइक रेट 13.17 है, जो उनकी प्रभावशाली गेंदबाजी को दर्शाता है। चोपड़ा के मुताबिक, वरुण की विविधता और नियंत्रण उन्हें बेहद खतरनाक बनाता है।
आकाश ने इन 2 गेंदबाजों पर दिखाया भरोसा
दूसरे नंबर पर चोपड़ा ने भारत के स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को रखा। बुमराह साल 2016 से भारतीय टीम की गेंदबाजी की रीढ़ बने हुए हैं। उन्होंने 2024 टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता था। उस टूर्नामेंट में बुमराह ने आठ मैचों में 15 विकेट लिए, वह भी सिर्फ 8.27 की औसत और 4.18 की जबरदस्त इकॉनमी से। बड़े मैचों में दबाव झेलने की उनकी क्षमता उन्हें खास बनाती है।
तीसरे गेंदबाज के तौर पर आकाश चोपड़ा ने ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर एडम ज़ैम्पा को चुना। ज़ैम्पा ने व्हाइट-बॉल क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के लिए कई मैच जिताए हैं। वह 111 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं और उनके नाम 139 विकेट दर्ज हैं। उनका अनुभव और निरंतरता उन्हें टी20 वर्ल्ड कप में अहम खिलाड़ी बनाती है।
बल्लेबाजों की बात करें तो चोपड़ा ने अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड और जोस बटलर को सबसे प्रभावशाली बल्लेबाज बताया। अभिषेक शर्मा इस समय भारत के टॉप रैंक बल्लेबाज हैं और उनका स्ट्राइक रेट करीब 195 है। वहीं ट्रैविस हेड और जोस बटलर शुरुआत से ही आक्रामक खेल के लिए जाने जाते हैं। बटलर 2022 में इंग्लैंड को टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान भी रह चुके हैं।
T20 World Cup 2026: एमएस धोनी ने भारत को बताया ‘सबसे खतरनाक टीम’, मैन इन ब्लू खिताब बचाने को तैयार
T20 World Cup 2026: भारत के खिलाफ मैच बायकाॅट पर भड़के श्रीकांत, बोले ‘पाकिस्तान डरा हुआ है’
WPL 2026: एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराकर दिल्ली कैपिटल्स ने फाइनल में बनाई जगह
T20 World Cup 2026: इस गेंदबाज के बिना ऑस्ट्रेलिया का सेमीफाइनल तक पहुंचना मुश्किल, आकाश चोपड़ा का बड़ा दावा

