

भारत और न्यूजीलैंड के बीच हाल ही में खत्म हुई तीन मैचों की वनडे सीरीज के बाद ICC की ताजा बल्लेबाजी रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। न्यूजीलैंड के अनुभवी बल्लेबाज डेरिल मिचेल ने भारतीय स्टार विराट कोहली को पीछे छोड़ते हुए नंबर-1 वनडे बल्लेबाज की रैंकिंग हासिल कर ली है। यह अपडेट बुधवार, 21 जनवरी को जारी किया गया।
इस सीरीज में डेरिल मिचेल दोनों टीमों की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। शानदार प्रदर्शन के दम पर उनके कुल 845 रेटिंग पॉइंट्स हो गए हैं, जबकि विराट कोहली के अंक घटकर 795 रह गए। इन दोनों के बाद रैंकिंग सूची में इब्राहिम जद्रान, रोहित शर्मा, शुभमन गिल और बाबर आजम जैसे बड़े नाम शामिल हैं।
यह दूसरी बार है जब डेरिल मिचेल वनडे रैंकिंग में टॉप पर पहुंचे हैं। इससे पहले वह नवंबर में सिर्फ तीन दिनों के लिए नंबर-1 बने थे। उस समय ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन के बाद रोहित शर्मा ने उन्हें पीछे छोड़ दिया था।
भारत में ऐतिहासिक सीरीज जीत के नायक बने डेरिल मिचेल
34 वर्षीय मिचेल ने भारत के खिलाफ इस सीरीज में प्लेयर ऑफ द सीरीज का पुरस्कार भी जीता। उनकी शानदार बल्लेबाज़ी की बदौलत न्यूजीलैंड ने भारत को उसके ही घर में 2-1 से हराकर ऐतिहासिक सीरीज जीत दर्ज की। भारत में भारत के खिलाफ सबसे ज़्यादा वनडे शतक लगाने के मामले में मिचेल अब सिर्फ एबी डिविलियर्स (5 शतक) से पीछे हैं।
एक और दिलचस्प रिकॉर्ड यह है कि डेरिल मिचेल ने अपने अब तक के 54 वनडे पारियों में कभी डक नहीं लगाया है। यह इतिहास की दूसरी सबसे लंबी ऐसी स्ट्रीक है। उनसे आगे सिर्फ कीप्लर वेसल्स हैं, जिन्होंने 105 पारियों तक शून्य पर आउट नहीं हुए थे।
विराट कोहली अब जून में इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम के लिए खेलते नजर आएंगे। वह पहले ही टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। वहीं, डेरिल मिचेल आने वाली पांच मैचों की T20I सीरीज में न्यूजीलैंड के लिए अहम भूमिका निभाएंगे। यह सीरीज विदर्भ, रायपुर, गुवाहाटी, विशाखापट्टनम और तिरुवनंतपुरम में खेली जाएगी और दोनों टीमें इसे T20 वर्ल्ड कप की तैयारी के रूप में देखेंगी।
T20 World Cup 2026: एमएस धोनी ने भारत को बताया ‘सबसे खतरनाक टीम’, मैन इन ब्लू खिताब बचाने को तैयार
T20 World Cup 2026: भारत के खिलाफ मैच बायकाॅट पर भड़के श्रीकांत, बोले ‘पाकिस्तान डरा हुआ है’
WPL 2026: एलिमिनेटर में गुजरात जायंट्स को 7 विकेट से हराकर दिल्ली कैपिटल्स ने फाइनल में बनाई जगह
T20 World Cup 2026: इस गेंदबाज के बिना ऑस्ट्रेलिया का सेमीफाइनल तक पहुंचना मुश्किल, आकाश चोपड़ा का बड़ा दावा

