

भारत ने महिला क्रिकेट में एशियन गेम्स का अपना गोल्ड मेडल बरकरार रखते हुए लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक जीत लिया। 22 सितंबर 2026 को निस्शिन के करोगी एथलेटिक पार्क में खेले गए फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 147 रन से हराया। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने 2023 के हांगझोउ एशियन गेम्स में जीते गोल्ड को भी डिफेंड कर लिया।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 216 रन बनाए। स्मृति मंधाना ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 45 गेंदों पर 79 रन बनाए। वहीं, विकेटकीपर बल्लेबाज रिचा घोष ने सिर्फ 22 गेंदों में नाबाद 49 रन की तेज पारी खेली।
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सकी और 15.4 ओवर में 69 रन पर ऑलआउट हो गई। दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 रन देकर 3 विकेट लिए। शफाली वर्मा, श्री चरानी और श्रेयंका पाटिल को भी दो-दो विकेट मिले।
रिचा बोलीं- गोल्ड जीतना ही हमारा लक्ष्य था
मैच के बाद रिचा घोष ने टीम की जीत पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही टीम का एकमात्र लक्ष्य गोल्ड मेडल जीतना था। रिचा के मुताबिक, पूरी टीम ने एकजुट होकर अच्छा प्रदर्शन किया और सभी खिलाड़ियों ने जीत का आनंद लिया।
उन्होंने टीम के बीच अच्छे तालमेल को भी जीत की अहम वजह बताया। रिचा ने कहा कि टीम की कई खिलाड़ी पहले भी एक साथ बड़े टूर्नामेंट खेल चुकी हैं, जिसका फायदा एशियन गेम्स में मिला।
परिवार को समर्पित किया गोल्ड मेडल
रिचा घोष ने अपना गोल्ड मेडल परिवार, दोस्तों और उन सभी लोगों को समर्पित किया, जिन्होंने उनके क्रिकेट सफर में उनका साथ दिया। उन्होंने बताया कि उनका परिवार फाइनल मुकाबला देखने जापान पहुंचा था।
रिचा ने कहा कि वह जापान में कुछ और दिन रहेंगी और इस खास उपलब्धि को अपने परिवार के साथ सेलिब्रेट करना चाहती हैं। भारत के लगातार दूसरी बार गोल्ड जीतने के साथ श्रीलंका ने सिल्वर और पाकिस्तान ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया।
ये भी पढ़ें – जापान के खिलाफ 2 रन की जीत के बाद, भारत को इन 3 क्षेत्रों में करना होगा सुधार
जापान के खिलाफ 2 रन की जीत के बाद, भारत को इन 3 क्षेत्रों में करना होगा सुधार
एशियन गेम्स 2026 में DRS क्यों नहीं हो रहा इस्तेमाल? जान लीजिए इसके पीछे की वजह
22 सितंबर, Evening News Headlines: आज शाम तक की सभी ताजा खबरें क्रिकेट जगत से
SM Trends: 22 सितंबर के शानदार Tweet और Video के बारे में यहां जाने, जो काफी तेजी से हो रहे हैं वायरल

