

श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड (एसएलसी) ने भारत के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पूरा कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह सीरीज अगस्त 2026 में खेली जाएगी और आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) 2025-27 का हिस्सा होगी।
पहला टेस्ट 15 से 19 अगस्त तक गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा और अंतिम टेस्ट 23 से 27 अगस्त के बीच कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (एसएससी) मैदान पर होगा।
गौरतलब है कि भारतीय टीम लगभग नौ साल बाद श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी। इससे पहले दोनों टीमों के बीच 2017 में श्रीलंका की धरती पर टेस्ट सीरीज खेली गई थी। उस समय विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मेजबान टीम का 3-0 से सफाया किया था।
यह सीरीज दोनों टीमों के लिए विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। भारत फिलहाल डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है, जबकि श्रीलंका छठे नंबर पर मौजूद है। ऐसे में दोनों टीमें शुरुआती चरण में ज्यादा से ज्यादा अंक हासिल कर अपनी स्थिति मजबूत करना चाहेंगी।
शुभमन गिल की कप्तानी में नई चुनौती
भारत इस दौरे पर शुभमन गिल की कप्तानी में उतरेगा। उनकी अगुआई में टीम ने हाल ही में इंग्लैंड दौरे पर 2-2 से सीरीज बराबर की थी। इसके बाद घरेलू मैदान पर वेस्टइंडीज को हराकर टीम ने आत्मविश्वास भी हासिल किया है। अब श्रीलंका की चुनौती भारतीय टीम के लिए अगली बड़ी परीक्षा होगी।
श्रीलंका की पिचें हमेशा से स्पिन गेंदबाजों के लिए मददगार रही हैं। ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों की असली परीक्षा स्पिन के खिलाफ होगी। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में स्पिन के सामने भारतीय बल्लेबाजी कमजोर नजर आई थी। इसलिए, इस दौरे में टीम को अपनी उस कमजोरी को दूर करना होगा।
दोनों टीमों के बीच होने वाली यह टेस्ट सीरीज केवल जीत-हार तक सीमित नहीं होगी, बल्कि विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की रेस में आगे बढ़ने के लिए भी बेहद अहम साबित हो सकती है। ऐसे में क्रिकेट प्रशंसकों को एक रोमांचक और कड़ी टक्कर वाली सीरीज देखने की उम्मीद रहेगी।
दो मैचों की सीरीज का शेड्यूल इस प्रकार है:
| तारीख | मैच | वेन्यू |
| अगस्त 15 to 19 | पहला टेस्ट | गाले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, गाले |
| अगस्त 23 to 27 | दूसरा टेस्ट | सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC), कोलंबो |
Women’s T20 WC 2026: क्या ऑस्ट्रेलिया की ओर से फाइनल खेलेंगी एलिस पैरी? कोच ने फिटनेस को लेकर किया बड़ा खुलासा
ENG vs IND: श्रेयस अय्यर ने इंग्लैंड में रचा इतिहास, बने ऐसा करने वाले पहले भारतीय टी20 कप्तान
इंग्लैंड के खिलाफ ODI सीरीज से पहले एक्शन में विराट कोहली, पूर्व कोच संजय बांगर के साथ ट्रेनिंग का वीडियो वायरल!
SM Trends: 2 जुलाई के शानदार Tweet और Video के बारे में यहां जाने, जो काफी तेजी से हो रहे हैं वायरल

